मैनपुरी। सदर कोतवाली में दलालों और एक अधिकारी के चहेते हेड मुहर्रिर की दबंगई जमकर चल रही है। शनिवार को एक वृद्धा का थैला बाइक सवारों ने लूट लिया। पीड़िता थाने पहुंची और शिकायत की, लेकिन वहां मौजूद दलाल ने उसे चलता कर दिया। कोई कार्रवाई न होता देख वृद्धा लौट गई।
शनिवार को एक वृद्धा क्रिश्चियन तिराहा से ई-रिक्शा में बैठकर दीवानी रोड पर जा रही थी। कोतवाली के पास राजा का बाग जाने वाली गली के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने रिक्शा को रोका। जैसे ही रिक्शा बाइक सवारो ने झपट्टा मारकर वृद्धा का थैला लूट लिया। बाइक पर सवार होकर मोहल्ला राजा का बाग में भाग गए। वारदात के बाद वृद्धा थाना कोतवाली पहुंची।
वहां उसने अपने साथ हुई वारदात के बारे में जानकारी दी। आरोप है कि किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। इस बीच वहां बैठे एक दलाल ने उसकी बातों को गंभीरता से सुना और शिकायत को झूठा बताते हुए थाने से भगा दिया। वृद्धा के थैला में रखे पर्स में करीब 1100 रुपये रखे हुए थे, जो कि लूट लिए गए। काफी देर तक थाने के बाहर गेट पर खड़ी रही। सुनवाई न होती देख वह एक ई-रिक्शा में बैठ कर चली गई।