मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह चार हमलावरों ने एक डीसीएम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने से तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नवादा निवासी अवनीश कुमार शुक्रवार सुबह करीब चार बजे भाई सुनील और सचिन निवासी देवीरोड कोतवाली के साथ डीसीएम से गांव जौराई से लौट रहा था। गांव नगला छोटे के समीप कुछ लोगों ने लकड़ी डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था।
जब चालक ने वहां डीसीएम धीमी की, तो घात लगाकर बैठे चार लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिससे डीसीएम में सवार अवनीश, सुनील और सचिन जख्मी हो गए। घायलों के मुताबिक इनमें एक हमलावर नगला छोटा का ही रहने वाला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी। पर, फायरिंग करने वाला कोई भी व्यक्ति हत्थे नहीं चढा। वहीं मौके से पुलिस ने एक राइफल और बाइक बरामद की है।
थानाध्यक्ष रमाकर सिंह ने इस बताया कि क्षेत्र में पशु चोरी की वारदातें होने के कारण नगला छोटे के ग्रामीणों ने डीसीएम वालों को पशु चोर समझ कर फायरिंग की थी। तहरीर के आधार पर आरोपी के घर दबिश दी गई। पर, आरोपी युवक पकड़ में नहीं आ सका। रिपोर्ट लिखकर हमलावरों की तलाश की जा रही है।