मैनपुरी। पूर्व विधायक के घर के बाहर खड़ी कार से असलाह चोरी की गूंज लखनऊ तक पहुंच चुकी है। इस मामले में उप मुख्यमंत्री ने एसपी से फोन पर जानकारी ली। साथ ही जल्द खुलासा करने को कहा है।
भाजपा के पूर्व विधायक अशोक चौहान के घर के बाहर खड़ी कार से एक लाइसेंसी राइफल और बंदूक चोरी हो गई थी। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पर, कई दिन बीतने के बाद भी असलहे की बरामदगी तो दूर, पुलिस चोरों का कोई सुराग तक नहीं लगा सकी है। इधर, इस मामले की गूंज लखनऊ तक पहुंच चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने एसपी राजेश एस को फोन कर घटना की जानकारी ली।
उनसे जल्द असलाह बरामद कर आरोपियों को जेल भेजने को कहा है। बता दें कि चोरी हुए असलाह के बारे में सुराग लगाने में खुफिया विभाग, क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम व कोतवाली पुलिस भी अभी तक नाकाम रही है।