मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात को राकेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्यारोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमले के मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम कर लिया है। एएसपी का कहना है कि हत्यारोपी की तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे।
कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला सोतियाना निवासी युवक ने शुक्रवार रात को मोहल्ला निवासी राकेश दीक्षित को चार गोलियां मारीं थीं। उसे मरा समझ कर वह साथियों के साथ औंछा रोड पर फेंक कर भाग गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार की शाम को उपचार के दौरान राकेश की मौत हो गई थी।
सैफई रेफर होने से पहले घायल राकेश ने गोली मारने वाले मोहल्ला निवासी राजू और उसके भाई का नाम बताया था। वहीं देर रात राकेश के बडे भाई ने तहरीर में राजू व उसके साथियो के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया था। पुलिस ने राकेश की मौत के बाद जानलेवा हमले की घटना को हत्या की धाराओं में तरमीम कर लिया है।
वहीं दूसरे दिन भी आरोपी व उसके साथियों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। मृतक परिवारीजनों ने बताया कि राकेश राजू के चचेरे भाई रिंकू की गाड़ी चलाता था। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे। वहीं पुलिस भी वारदात में राजू का नाम आने के बाद भी कार्रवाई के नाम पर हाथ पर हाथ रखे हुए बैठी नजर आ रही है।
मामले पर एएसपी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों के घर पर महिला व बच्चों के सिवाय कोई नहीं मिला। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा जाएगा।