मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह ईशन नदी पर ट्रकों की चेकिंग कर रहे वन रक्षक से खनन माफियाओं ने हाथापाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया। वहीं मालिक ट्रक लेकर भाग गया। वन रक्षक की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है।
थाना भोगांव क्षेत्र के आलीपुर पट्टी निवासी बलवीर सिंह वन विभाग में वन रक्षक के पद पर तैनात हैं। मंगलवार सुबह वह क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी व रेत खनन को लेकर ईशन नदी पुल के समीप चेकिंग कर रहे थे। तभी बालू लादकर आ रहा एक ट्रक को रुकने का इशारा किया। मगर चालक ने ट्रक को भगा दिया।
टीम ने पीछा कर ट्रक को कुछ दूर पकड़ लिया। इस दौरान ट्रक में सवार खनन माफियाओं ने वन रक्षक के साथ हाथापाई करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस को देखकर ट्रक मालिक ट्रक लेकर वहां से भाग गया। पुलिस ने चालक आशीष शिवहरे निवासी सुभाष नगर भिंड को गिरफ्तार कर लिया।
वन रक्षक की ओर से थाने में अभद्रता व सरकारी कार्य में बाधा डाले जाने का अभियोग पंजीकृत कराया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि वन रक्षक की तहरीर पर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।