दन्नाहार (मैनपुरी)। दिल्ली निवासी कार चालक का न तो अगवा हुआ था न हीं उसके साथ कोई हादसा हुआ था। मंगलवार सुबह थाने पहुंचे चालक ने बताया कि पत्नी उस पर शक करती है। उसे सबक सिखाने के लिए ही वह बस से दिल्ली चला गया था। चालक के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
दिल्ली के प्रेम बिहार कालोनी निवासी संजय कुमार 23 मार्च को पत्नी व बच्चों के साथ थाना क्षेत्र के गांव नगरिया मामा के घर आया था। वह नेजा कार्यक्रम में सम्मलित होने के बाद 24 मार्च को कोतवाली सदर के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी श्रीकृष्ण की भतीजी की गोद भराई के कार्यक्रम में फर्रुखाबाद के गांव निजामपुर गया था। रात को वह घर नहीं लौटा था। वहीं उसकी कार भी क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली थी। परिजनों की ओर से थाने मेें अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार की सुबह संजय थाने पहुंचा।
उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी उस पर शक करती है। जब वह निजामपुर गया था तो कई बार फोन कर साथ न ले जाने को लेकर झगड़ा कर रही थी। उसे गुस्सा आ गया और वह सबक सिखाने के लिए गाड़ी को नगरिया के पास खड़ा छोड़ कर बस से दिल्ली चला गया था। सोमवार को जब उसे पता चला कि परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई है तो वह सोमवार रात को ही गांव लौट आया। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद चालक को छोड़ दिया।