फिरोजाबाद। मंगलवार रात शहर में तीन स्थानों पर चोरी की वारदातें हुईं। हनुमान गंज में हिल्ल गोदाम में, नसीरगंज के बंद मकान और श्रीनगर आसफाबाद के मकान से चोर लाखों की चोरी कर ले गए।
थाना उत्तर के हनुमान गंज निवासी जितेंद्र कुमार अग्रवाल का मोहल्ले में जेके बैगिंल स्टोर के नाम चूड़ी का गोदाम है। बुधवार सुबह लोगों ने फोन पर गोदाम खुला होने की सूचना दी।
जितेंद्र गोदाम पहुंचे तो छत का जंगला कटा होने के साथ वहां रखा करीब 70 हजार रुपये कैश, सीसीटीवी की एलईडी और हिल्ल का सामान चोरी हो चुका था। पुलिस पहुंची। भाजपा महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता, पूर्व सभासद अजीत अग्रवाल, अबेश शर्मा, मंडलाध्यक्ष निर्मल कुमार ने रोष जताया।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला नसीरगंज निवासी मोहम्मद शाहिद खान अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहने वाले बेटों से मिलने घर में ताला लगा कर गए थे। मंगलवार दंपत्ति घर लौटा तो घर का ताला टूटा मिला। चोर बंद मकान से 95 हजार रुपये कैश, जेवरात और घरेलू सामान चोरी कर ले जा चुके थे।
पुलिस ने घटना स्थल की पड़ताल की। चोरी की तीसरी वारदात श्रीनगर आसफाबाद में तारन सिंह के मकान में हुई। चोर 32 हजार रुपये कैश, जेवरात और घरेलू सामान चुरा ले गए।
डायल 100 को आवाज लगाते रहे नहीं सुनी
श्रीनगर आसफाबाद के तारन सिंह एवं मोहल्ले के लोगों का कहना है कि चोर श्रीनगर के सामने वाली गलियों से भागे तो उन्होंने पीछा किया। आरोप है कि यूपी डायल 100 की गाड़ी उसी समय निकली, लेकिन आवाज लगाने के बाद भी नहीं रुकी, बल्कि उस ओर चली गई जिस ओर चोर भागे थे। इसके बाद भी कोई चोर नहीं पकड़ा गया।