टूंडला (फिरोजाबाद)। ग्रामीणों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांव शिवसिंहपुर में 10 हजार लीटर की टंकी लगवाई गई थी। जिस पर पूर्व प्रधान का कब्जा बना हुआ है। ग्रामीणों ने पेयजल टंकी को मुक्त कराने की मांग की है।
गांव शिवसिंहपुर के ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ग्रामीणों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा 10 हजार लीटर की टंकी लगवाई गई थी। उस टंकी पर पूर्व प्रधान ने कब्जा कर लिया। पूर्व प्रधान द्वारा टंकी को बाउंड्री में करते हुए कंडे आदि भर दिए गए हैं। जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत भी की गई, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई। जिससे ग्रामीणों में खासा रोष है। मांग करने वालों में मलखान सिंह, कालीचरण, संजू, विनोद, दिलावर सिंह, शेर सिंह, दिनेश, जितेन्द्र कुमार और सुशील आदि हैं।
पानी की टंकी के संबंध में ग्रामीणों की शिकायत बीडीओ व अन्य अधिकारियों से की जा चुकी है। किसी ने अभी तक ध्यान नहीं दिया है। नतीजतन टंकी से ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है। - राजकुमारी, ग्राम प्रधान, शिवसिंहपुर।
यदि ऐसा कोई मामला है तो प्रधान को इस संबंध में पुलिस में शिकायत करनी चाहिए। ग्राम पंचायत की संपत्ति का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। - नरेश कुमार, बीडीओ, टूंडला।