सहावर। जिले में तीन तलाक के पहले प्रकरण में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़ित महिला ने तीन तलाक को अवैध बताते हुए पुलिस की इस कार्रवाई पर संतोष जताया है।
विगत दिनों मामूली विवाद के बाद सहावर के मोहल्ला चौधरी निवासी खुश मोहम्मद ने अपनी पत्नी रजिया के साथ मारपीट कर तीन तलाक दे दिया था। इस पर महिला ने सहावर थाने में आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने फरार आरोपी खुश मोहम्मद को इस्लामिया इंटर कॉलेज के समीप से गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर पीड़ित महिला भी थाने पहुंच गई। महिला ने पुलिस की कार्रवाई को न्याय की पहली सीढ़ी बताया।
महिला ने पुलिस से कहा कि वह कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट है। अब न्यायालय से न्याय की उम्मीद है। पुलिस ने तीन तलाक के आरोपी पति को जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी गणेश चौहान ने कहा कि तीन तलाक के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा गया है। आरोपी तीन तलाक के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता सका।