कोसीकलां। दिल्ली गेट निकासा में बुधवार रात अल्पसंख्यक समुदाय के दो पक्षों में बच्चों के विवाद में झगड़ा हो गया। झगड़ा शांत कराने पहुंची पुलिस पर भी हमला किया गया। पुलिस ने 43 हमलावरों की पहचान कर उन पर बलवे की कार्रवाई की है। 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ जगदीश कालीरमन ने फोर्स के साथ मोहल्ले में फ्लैग मार्च किया। वहीं समुदाय के लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई के नाम पर घरों में घुसकर महिला, बच्चों के साथ दुर्व्यवहार व तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
बुधवार रात दिल्ली गेट निकासा में चांद व इरफान पक्ष के बच्चों के बीच कहासुनी को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर पथराव हुआ। जब पुलिस उन्हें शांत करने पहुंची तो दोनों पक्षों ने मिलकर पुलिस पर हमला बोल दिया। इसमें फायरिंग की भी आवाज सुनी गई। इंस्पेक्टर आजादपाल सिंह व चौकी प्रभारी मनिंदर सिंह को फोर्स के साथ वहां से हटना पड़ा था। इसके बाद सर्किल के थानों का फोर्स बुलाकर सीओ जगदीश कालीरमन मौके पर पहुंचे और हमलावरों को खदेड़ा। रात में ही पुलिस फोर्स ने मोहल्ले की गलियों में हमलावरों की तलाश कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
इंस्पेक्टर आजाद पाल सिंह की तहरीर पर शरीफ, शहजान, इरनफान, फुरकान, सैफ, मोनिश, रोहित, महराब, अरसद, सरफराज, मुन्ना, राशिद, असलम, सलीम, वसीम, आरिफर, शाहरुख, बद्दू, अनीश, आसमो, साबू, गोसू, शहीद, कय्यूम, नसीम, जुबैर, समरान सहित 43 हमलावरों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास व बलवा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की कार्रवाई में शाम तक कुल 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
उधर, शाहीद कुरैशी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई के नाम आबिद मैम्बर, उसमान, काले, सलाम, मुस्कीम समेत 10-12 घरों में घुसकर तोड़फोड़ की और बच्चों, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया।
तोड़फोड़ व महिला-बच्चों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप गलत है। झगड़ा कर रहे लोग एक-दूसरे के घरों में घुस गए और तोड़फोड़ कर दी। लोग पुलिस को बेवजह घसीट रहे हैं। झगड़ा करने वालों के साथ सख्ती से पेश आया जाएगा।
- आजादपाल सिंह, इंस्पेक्टर, कोसीकलां।