टूंडला सीएचसी पर युवकों को नियंत्रित करता पुलिसकर्मी
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। सेना भर्ती के लिए कोविड-19 जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य कें द्र पर युवाओं की भीड़ नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट रहे हैं। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में युवा कोविड-19 की जांच कराने पहुंच रहे हैं। कई युवाओं ने बताया कि उन्हें अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं मिली है।
सेना में निकली भर्ती के लिए युवाओं में खासा उत्साह है। ऐसे में हजारों की तादाद में युवाओं ने फॉर्म भरे हैं। सेना की भर्ती के लिए कोविड-19 की जांच अनिवार्य रूप से मांगी गई है। इसके चलते सामुदायिक स्वास्थ्य कें द्र पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में युवा अपनी जांच कराने पहुंच रहे हैं। युवाओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। युवाओं की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस वालों के पसीने छूट रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि एक तरफ से युवाओं को लाइन में लगाया जाता है तो दूसरी तरफ के युवा लाइन तोड़ देते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मी खासा परेशान हैं। वहीं युवाओं का कहना है कि उन्हें समय से कोविड-19 की जांच रिपोर्ट नहीं मिल रही है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डर है कि कहीं वह भर्ती देखने से वंचित न रह जाएं।