टूंडला (फिरोजाबाद)। चुल्हावली निवासी रोहित उर्फ बाबू के बनकट के एक कुएं में मिलने के बाद से पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है। पुलिस ने बच्चे का अपहरण किए जाने की बात को माना है। वहीं बृहस्पतिवार को पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का दावा कर रही है। पुलिस के अनुसार बालक के पिता ने आरोपी से रुपये के लेनदेन की बात बताई है।
रविवार को अपहृत हुए रोहित उर्फ बाबू के पिता विजय सिंह सहारा कंपनी में बतौर एजेंट हैं। कंपनी में कार्य करते हुए उन्होंने लोगों के रुपये इनवेस्ट कराए थे, परंतु सहारा में अचानक भुगतान बंद होने पर लोग उनके ऊपर रुपये वापस करने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो विजय सिंह आरोपी सूरज व अन्य के रुपये वापस नहीं कर पाए थे। इसको लेकर सूरज व अन्य ने उनके पुत्र के अपहरण की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार रविवार को रोहित का अपहरण कर उसे बनकट के कुएं में रस्सी से बांधकर लटकाना चाहा, किंतु रस्सी छोटी पड़ने पर बालक को कुएं में ही गिरा दिया गया। जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर व सिर आदि में चोटें आईं हैं। पूरी प्लानिंग के तहत बालक का अपहरण किया गया। जिससे विजय सिंह से फिरौती वसूल की जा सके, परंतु पुलिस की सक्रियता बढ़ने से मौका नहीं मिल पाया और इस बीच पुलिस ने बालक को बरामद कर लिया।
हालांकि पुलिस गिरफ्त में आए सूरज ने घटना को कबूल कर लिया है, किंतु पुलिस अभी अन्य तथ्यों पर भी जांच कर रही है। पुलिस इस बात पर भी छानबीन कर रही है कि रोहित का अपहरण कर डूबे हुए रुपये सूरज फिरौती के रूप में तो नहीं वसूलना चाहता था। पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र कुमार का कहना है कि बच्चे का अपहरण हुआ था। हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ की जा रही है। बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।