टूंडला के नगला रैया में खेतों में शव को देखते ग्रामीण
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। थाना पचोखरा के गांव नगला रैया के निकट हरदन नाले किनारे बुधवार सुबह गेहूं के खेत में एक अधेड़ का शव पड़ा मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, शराब की बोतल, नमकीन आदि बरामद की हैं। करीब चार घंटे बाद शव की शिनाख्त पास के ही गांव निर्भय गढ़ी निवासी एक व्यक्ति के रूप में हुई। वह होली की शाम से ही लापता था।
सुबह गांव रैया के कुछ लोग खेतों पर गये थे। गांव के मिश्रीलाल के गेहूं के खेत पर में शव पड़ा देख सहम गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस को मौके से हत्या में प्रयुुक्त चाकू, शराब की बोतल, नमकीन सोडा की बोतल आदि मिली। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, किंतु उसकी पहचान नहीं हो सकी। चार घंटे बाद सोनू निवासी गढ़ी निर्भय ने अपने ताऊ पप्पू कुशवाह (50) पुत्र वेदराम कुशवाह के रूप में शिनाख्त की। सूचना पर रोते-बिलखते परिजन भी पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम करीब छह बजे पप्पू घर से बाहर जाने की कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। घर वाले रातभर उसके लौटने का इंतजार करते रहे। सुबह से ही उसकी तलाश की जा रही थी। मृतक के भाई रूप सिंह ने बताया कि पप्पू कारखाने में काम करता था। उसकी तीन पुत्री व एक पुत्र है। पुत्र मंगल ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पप्पू शराब पीता था। आशंका जताई जा रही है कि उसे शराब पिलाने के बहाने बुलाकर किसी उसकी हत्या की है। हत्या में उसके किसी नजदीकी का ही हाथ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मौके से मिले सबूतों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
संजय सिंह, थाना प्रभारी, पचोखरा।