बरनाहल। गांव केशरायपुर में पानी की लेजम के लिए हुए विवाद में जानलेवा हमले के एक आरोपी को पुलिस बृहस्पतिवार को रिमांड पर लेकर आई। उसकी निशानदेही पर हमले में प्रयोग किया गया तमंचा और कारतूस बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद आरोपी को वापस जेल भेजा गया।
थाना क्षेत्र के गांव केशरायपुर निवासी निवासी राहुल सिंह 20 अक्तूबर की रात करीब नौ बजे ट्रैक्टर से खेत जोतने के लिए गया था। उसके खेत में पड़ोसी जितेंद्र पानी के लिए लेजम डाले हुए थे। लेजम हटाने को लेकर दोनों पक्ष के बीच गाली-गलौज व मारपीट हो गई थी। फायरिंग में राहुल गोली लगने से घायल हो गया था।
मामले में जितेंद्र, रविंद्र, सुधीर, अजय कुमार, सुरेश, महेश के खिलाफ मारपीट व जानलेवा हमला का मामला दर्ज कराया गया था। जितेंद्र को पुलिस जेल भेज चुकी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस उसे रिमांड पर लेकर आई। उसकी निशानदेही पर तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए हैं। प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिमांड ली गई थी। वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है, आरोपी को वापस जेल भेजा गया है।