मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र में हुए हादसे में जनपद एटा के रहने वाले तीन युवकों की मौत के साथ ही एक पिता से उसका दूसरा बेटा भी खो दिया। नगला भजा निवासी मिश्रादास अभी पहले बेटे की मौत का गम भुला नहीं पाया था। रविवार को हादसे में उनका दूसरा बेटा भी छिन गया।
जनपद एटा के थाना मलावन क्षेत्र के गांव नगला भजा निवासी 25 वर्षीय चंद्रशेखर पुत्र मिश्रादास जाटव रविवार को थाना कुरावली क्षेत्र के गांव शरीफपुर में आयोजित भंडारा में शामिल होने के लिए गया था। शाम करीब 6:30 बजे वह बाइक से परिवार के भतीजे 28 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र अमर सिंह, 24 वर्षीय कन्हैया उर्फ दीपक पुत्र वासुदेव के साथ घर वापस लौट रहा था। तभी गांव शरीफपुर के पास हुए सड़क हादसे में तीनों की मौत हो गई थी।
मोर्चरी पर मौजूद मृतक चंद्रशेखर के पिता आंखों में आंसू लिए बदहवास नजर आ रहे थे। भरी आवाज में बताया कि करीब दो साल पहले उनके बड़े बेटे देवेंद्र की मलावन में करंट लगने से मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद चंद्रशेखर भाई की विधवा व बच्चों की देखरेख कर रहा था। उन्हें नहीं पता था कि दूसरे बेटा भी हादसे में हमेशा के लिए साथ छोड़ जाएगा। उन्होंने बताया कि मनोज व कन्हैया रिश्ते में चंद्रशेखर के भतीजे लगते थे। वह दोनों बीएससी के छात्र थे।