बिछवां। तीन दिन पूर्व कुरावली निवासी युवक को कोल्डड्रिंक पिलाकर नकदी लूटने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को गिरफ्तार आरोपी जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। लुटेरे के साथियों की तलाश कर रही है।
कुरावली थाना क्षेत्र के गांव भरतपुरा निवासी कृपाल सिंह ने रविवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया था कि शुक्रवार शाम को वह भोगांव में रहने वाले साले से 45 हजार रुपये लेकर आया था। घर जाने के लिए वह एक कार में बैठ गया था। तभी रास्ते में गांव छाछा के पास कार सवार लोगों ने उसे नशीला पदार्थ मिली कोल्डड्रिंक पिलाकर नकदी लूट ली और उसे किन्हावर मोड़ के पास फेंक कर भाग गए। मुकदमा दर्ज करने के बाद सोमवार सुबह एसआई अतिवीर सिंह ने टीम के साथ हाइवे पर सुल्तानगंज की ओर से आ रही कार को रोका।
तो चालक ने कार भगा दी। पुलिस ने पीछा कर चालक को पकड़ लिया और थाने लाकर पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम शिवम चौहान पुत्र नरसिंह चौहान निवासी गांव गोपालपुर थाना चकर नगर इटावा बताया। उसने कृपाल सिंह से लूट की वारदात भी कबूल की। तलाशी के दौरान लूट गए 1670 रुपये भी उससे बरामद हुए। उसने पुलिस को अपने साथियों के नाम बताए। पुलिस ने लुटेरे को जेल भेजा है। वहीं उसके साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।