मैनपुरी। दिल्ली से छिबरामऊ जा रहा युवक रास्ते में जहरखुरानी का शिकार हो गया। छह हजार रुपये की नकदी, मोबाइल व सोने की अंगूठी पार कर दी। मंगलवार की सुबह बस चालक उसे भोगांव रोड पर उतार कर चला गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
दिल्ली का रहने वाला मोनू पुत्र हाकिम सिंह सोमवार की रात रोडवेज बस से कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र स्थित ससुराल जा रहा था। देर रात बस ने जब एटा बार्डर पार किया, तभी पास बैठे दो लोगों ने उसे कुछ सुंघा दिया।
मंगलवार की सुबह मोनू को जब होश में आया तो खुद को कोतवाली क्षेत्र में भोगांव रोड पर झाड़ियों के पास पड़ा हुआ पाया। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुुंच गई। जहरखुरानी के शिकार युवक को जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कोतवाली ले जाया गया। युवक ने बताया कि पास बैठा एक युवक बार बार खिड़की से बाहर झांक रहा था। इस दौरान पता नहीं चला कि कब उसे क्या सुंघा दिया गया। जिससे वह बेहोश हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।