मैनपुरी। शहर की पंजाबी कॉलोनी निवासी एक किशोर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। एक शातिर ने उसे एप्पल का फोन महज 35 सौ रुपये में दिए जाने की बात कही। खाते में रुपये डलवा लिए गए, लेकिन डिलीवरी से एक दिन पूर्व ही नंबर ब्लॉक कर दिया। सोमवार को पीड़ित परिजनों के साथ कोतवाली में शिकायत करने पहुंचा।
शहर के पंजाबी कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय पियूष छाबड़ा पुत्र राजेश छाबड़ा का फोन पर एक व्यक्ति से संपर्क हुआ। दोनों ने व्हाट्सएप पर बातचीत की तो उस व्यक्ति ने किशोर से कहा कि एप्पल का फोन उसे महज 3500 रुपये में मिल सकता है। किशोर शातिर की बातों में आ गया।
ठग ने एक खाता नंबर बताया और उसमें ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने की बात कही। पियूष ने खाते में दो बार में 3500 रुपये जमा करा दिए। डिलीवरी की तारीख 18 अगस्त तय हुई, लेकिन इस बीच जब पियूष ने व्यक्ति से संपर्क किया तो वह बात करने को तैयार नहीं हुआ। नंबर भी ब्लॉक कर दिया। सोमवार को पीड़ित कोतवाली पहुंचा और शिकायत की।