मैनपुरी। बिछिया रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास रविवार की सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। पुलिस को आता देख अवैध शराब के धंधेबाज वहां से भाग गए। पुलिस ने मौके से कच्ची शराब, यूरिया, एक बाइक और पिकअप बरामद की। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही धंधेबाजों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के करहल गेट चौकी प्रभारी चंद्रप्रकाश को रविवार की सुबह सूचना मिली कि कुछ धंधेबाज मिलावटी शराब बिक्री को ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद चौकी इंचार्ज ने पुलिस टीम के साथ बिछिया रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास छापामार कार्रवाई की। पुलिस को आता देख वहां मौजूद चार धंधेबाज पिकअप और बाइक छोड़ कर वहां से भाग निकले।
पुलिसकर्मियों ने पीछा भी किया लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। पुलिस ने पिकअप में करीब 60 लीटर कच्ची यूरिया मिश्रित शराब व नौ किलो यूरिया बरामद किया। पिकअप व बाइक को जब्त कर थाने में खड़ा कराया। पुलिस अब धंधेबाजों का पता लगाने में जुट गई है।