मैनपुरी। एक युवती के साथ छेड़छाड़ और फोटो खींच रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ने के बाद जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद युवक का सिर मुड़वा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक को ग्रामीणों से छुड़ाकर कोतवाली लाया गया। वहां युवती पक्ष की ओर से युवक के विरुद्ध छेड़खानी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह एक युवती सड़क पर खड़ी थी।
तभी थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव देवामई निवासी परवीन कश्यप उस पर अश्लील फब्तियां कसने लगा। इस दौरान युवक मोबाइल से युवती की फोटो खींचने लगा। युवती के शोर मचाने पर वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। छेड़छाड़ कर रहे आरोपी को युवती के परिजनों व ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करते हुए सिर मुड़वा दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों से छुड़वाया। थाने लाकर उससे पूछताछ की। इस बीच युवती पक्ष के लोग भी वहां आ पहुंचे। युवक के विरुद्ध छेड़खानी किए जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई। पकड़ा गया आरोपी वर्तमान में शहर के वंशीगोहरा में रह रहा है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
मामले को निपटाने के लिए थाने पहुंचे नेता
जानकारी के अनुसार पुलिस इस मामले में युवती पक्ष के कुछ लोगों को भी थाने लाई थी। वहीं मामले को निपटाने के लिए एक पार्टी के कुछ नेता भी कोतवाली पहुंचे। काफी देर तक वहां बातचीत का दौर भी चला। बाद में आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज होने के बाद नेता वहां से चले गए।
युवती की फोटो खींचने व छेड़खानी का मामला सामने आया है। युवक का सिर मुड़वाने के संबंध में अभी तक कोई शिकायत संज्ञान में नहीं आई है।
अजय कुमार पांडेय, एसपी