मैनपुरी- दन्नाहार। तीन महीने पहले एक गांव की एक किशोरी और दो युवतियों को बहला फुसलाकर भगा ले जाने वाले कथावाचक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने जेल भेजा है। थाना करहल क्षेत्र के गांव अतीकुल्लापुर निवासी कथावाचक उम्मेद यादव एक अप्रैल 2019 को थाना क्षेत्र के एक गांव में कथापाठ करने आया था। आरोप है कि गांव से वह रात में एक किशोरी और दो युवतियों को ले गया था।
युवतियों के परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं लग सका था। इसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। चार अप्रैल को पुलिस ने लड़कियों को कोसमा चौराहा के पास से पकड़ लिया था, लेकिन कथावाचक भाग गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार शाम आरोपी को पुलिस ने औडेंय मंडल के पास से गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जेल भेजा है।