कासगंज। ढोलना क्षेत्र के एक गांव में जमीन का बैनामा कराने के बहाने एक युवक से 4.50 लाख रुपये धोखाधड़ी कर हड़प लिए गए। इस मामले में युवक ने कोर्ट के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ढोलना थाना क्षेत्र के गांव भगवंतपुर निवासी राहुल कुमार को क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी जागन सिंह और श्रीपाल ने अपनी छह बीघा जमीन बेचने के लिए दिखाई। इन्हाेंने धोखाधड़ी करते हुए 4.50 लाख रुपये ले लिए। 25 मई को युवक जमीन के बैनामे के लिए इनके घर पहुंचा। इस पर आरोपी जागन सिंह, खेम सिंह, श्रीपाल, सोहित, ग्याप्रसाद ने जाति सूचक शब्द कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दिया। दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
युवक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना ढोलना गया। आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की गई। मामले की विवेचना सीओ सिटी अजीत कुमार चौहान को सौंपी गई है।