कासगंज/गंजडुंडवारा। क्षेत्र के गांव में दावत खाकर लौट रही मासूम के साथ एक किशोर ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। आरोपी बच्ची को सरसों के खेत में खींचकर ले गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पिता ने किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार की देर शाम क्षेत्र के गांव की एक पांच वर्षीय बालिका दावत खाकर अपने घर जा रही थी। तभी गांव के ही एक किशोर ने उसे खींचकर पास के ही सरसों के खेत में ले गया। उसके द्वारा मासूम से दुष्कर्म किए जाने का प्रयास किया गया, तभी मासूम ने चीख पुकार मचा दी। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए।
ग्रामीणों ने मासूम से दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहे किशोर को पकड़ लिया और उसकी मारपीट कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने आरोपी किशोर को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली प्रभारी शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि मासूम का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। पिता की तहरीर पर आरोपी किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।