कासगंज। ढोलना थाना क्षेत्र के कस्बा बिलराम में एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी रचाने के लिए उसके घर पहुंच गया। वह प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ गया। प्रेमिका के परिजनों ने जब शादी से इंकार किया तो उसने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने उसकी धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। शांतिभंग की धाराओं में एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। एसडीएम ने प्रेमी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मामला मंगलवार दोपहर का है। जनपद हाथरस के थाना सिंकदराराऊ क्षेत्र के गांव सुम्मेरपुर निवासी सोनू पुत्र राकेश बिलराम की एक युवती से प्रेम करता है। काफी समय से उनका प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी के चलते वह मंगलवार को बिलराम पहुंच गया। यहां वह प्रेमिका से शादी रचाने के लिए उसके परिजनों से जिद करने लगा। परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे। वह मरने की धमकी देने लगा। सूचना ढोलना पुलिस को दी। थाना प्रभारी विनोद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। इधर प्रेमिका के परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी तो पुलिस ने शांतिभंग की धाराओं में उसका चालान किया। उपनिरीक्षक रामेश्वर दयाल यादव ने प्रेमी को उपजिलाधिकारी न्यायालय में पेश किया। यहां उपजिलाधिकारी ललित कुमार ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रेमी को जेल भेजा है।