कासगंज। प्रेमिका के परिजनों द्वारा शादी का झांसा देकर भाकियू लोकशक्ति जिलाध्यक्ष के साथ ठगी का मामला सामने आया है। जिलाध्यक्ष का आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने पूर्व में लिए रुपये वापस करने के नाम पर उसे घर बुला लिया। जिलाध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चिकित्सीय परीक्षण कराया है। मंगलवार शाम को पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ढोलना थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी पंचगाई निवासी अरूण चौहान पुत्र अनिल कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि ढोलना क्षेत्र के एक गांव की युवती से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा है। जब 6 महीने पहले शादी का प्रस्ताव प्रेमिका के परिजनों के समक्ष रखा तो वे शादी के लिए तैयार हो गए लेकिन कहा कि पहले बड़ी बेटी की शादी करेंगे उसके बाद तुम्हारी शादी करेंगे। बड़ी बेटी की शादी में बीते जून माह में 70 हजार रुपये प्रेमिका के परिजनों ने उधारी पर ले लिए और समय-समय पर प्रेमिका से शादी कराने का झांसा देकर रुपये लेते रहे।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि कुछ दिनों से प्रेमिका के परिजन शादी से इंकार करने लगे। जब उनसे रुपये मांगे तो वे भरोसा देते रहे। सोमवार की शाम प्रेमिका के परिजनों ने घर बुलाकर पिटाई कर दी। पीड़ित जिलाध्यक्ष ने ढोलना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जिलाध्यक्ष का चिकित्सीय परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।