कासगंज। सोरों के ग्राम दतलाना में एक घर से नकदी-आभूषण चोरी करने के साथ ही छप्पर में लगा दी गई। जिससे घरेलू सामान जलकर राख हो गया। तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोप है कि राजेश पुत्र तुलाराम निवासी ग्राम दतलाना के घर में गांव का सेवाराम अपने चार अन्य साथियों के साथ घुस आया। उस समय घर पर कोई नहीं था। आरोपियों ने घर में रखी 15 हजार की नकदी, आभूषण सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद छप्पर में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।
घटना की जानकारी होने पर गृहस्वामी भी मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। जिसके बाद आग को बुझाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर नामजद तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।