कासगंज। थानाक्षेत्र में एक मां ने रिश्तेदार एवं पड़ोसियों की मदद से अपनी नाबालिग बेटी की शादी कर दी। चाचा की तहरीर पर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाक्षेत्र के एक गांव में मां ने अपने बहनोई व पड़ोसियों की मदद से अपनी नाबालिग बेटी का रिश्ता अलीगढ़ क्षेत्र के एक गांव में तय कर दिया। इसकी जानकारी अपने पति व ससुरालीजनों को नहीं दी। इसके बाद 26 जून को बेटी को अलीगढ़ ले जाकर उसकी शादी कर दी। शादी करने के बाद मां घर लौट आई। बेटी के साथ में न आने पर पति व ससुरालीजनों ने पूछताछ की। पहले तो वह टालमटोल करती रही, लेकिन बाद में उसने शादी की बात बताई। यह सुनकर सभी लोग अवाक रह गए।
नाबालिग बेटी की शादी कर देने पर चाचा ने इस मामले में मां सहित सात रिश्तेदारों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दे दी। कोतवाली प्रभारी रविंद्र बहादुर ने बताया कि महिला का पति बीमार रहता है। महिला ने बिना सहमति के अपने बहनोई, पड़ोसियों की मदद से अपनी नाबालिग बेटी की शादी कर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।