कासगंज। गंजडुंडवारा पुलिस ने तस्करी कर लाए जा रहे एक क्विंटल प्रतिबंधित मांस को जब्त कर लिया। पुलिस एक भी तस्कर नहीं पकड़ सकी। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से बरामद की गई सेंट्रो गाड़ी चोरी की होने की संभावना जताई है। मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली पुलिस को गनेशपुर नहर पुल के पास से दिल्ली के नंबर की सेट्रो गाड़ी में तस्करी कर लाए जा रहे एक क्विंटल प्रतिबंधित मांस की सूचना मिली थी। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली। पुलिस की गाड़ी को सामने से आता देख तस्कर गाड़ी को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। पुलिस ने पशु चिकित्सक को बुलाकर मांस की जांच कराई। जांच में चिकित्सक ने प्रथम दृष्टया प्रतिबंधित मांस की पुष्टि कर दी। सैंपल की कार्रवाई के बाद मांस को नष्ट करा दिया गया। कुछ सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
प्रतिबंधित मांस भरगैन से तस्करी कर लाया जा रहा था। पुलिस की जांच में अभी तक गाड़ी का दिल्ली का रजिस्ट्रेशन सामने आया है। रजिस्ट्रेशन में जिले के किसी व्यक्ति का नाम सामने न आने पर पुलिस गाड़ी की चोरी की संभावना की जांच कर रही है।-विनोद कुमार कोतवाली प्रभारी गंजडुंडवारा