गंजडुंडवारा। क्षेत्र के ग्राम समसपुर में पिता की डांट से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने जहर खाकर जान दे दी। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुलशन(13) पुत्री रफ्फन निवासी समसपुर को पिता ने किसी बात पर डांट दिया। पिता का डांटना किशोरी को नागवार गुजरा। उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जब परिजनों ने उसकी हालत खराब देखी तो पूछताछ की। जहर खाने की बात सामने आने पर परिजन सकते में आ गए।
जब वे उसे उपचार के लिए चिकित्सक के पास लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। उसकी मौत से परिजन चीत्कार कर उठे। जब ग्रामीणों को इस घटना का पता चला तो वे उनके घर पर एकत्रित हो गए। किशोरी की मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जानकारी के बाद उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि किशोरी को किसी बात पर पिता ने डांट दिया था, इसके बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उसका पोस्टमार्टम कराया गया है।