सहावर(कासगंज)। क्षेत्र के दम्पुरा गांव में पटा गैंग के एक संदिग्ध आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए हमला कर दिया। इसमें एक दरोगा घायल हो गया। इस मामले में दम्पुरा के 12 लोगों को नामजद करते हुए 18-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस टीम देर सायं गांव में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। दम्पुरा के मंदिर पर भागवत का कार्यक्रम चल रहा था। गेट के बाहर काफी लोगों की भीड़ थी। वहीं पटा गैंग से जुड़ा एक आरोपी धीरज उर्फ धीरा वहां मौजूद था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने कोशिश की तो वहां मौजूद लोगों ने पुलिस टीम का घेरोव कर लिया। मौके का फायदा उठाकर बदमाश भाग गया। पुलिस ने जब ग्रामीणों के साथ सख्ती की तो हाथापाई हो गई और दरोगा शिवम तोमर के सिर में चोट आ गई और एक कांस्टेबल वीरेश यादव के भी चोट आ गई। मामले की प्राथमिकी घायल दरोगा शिव तोमर ने नीरज, संजू, अमर सिंह, रजनेश, अनूप, अवनीश, झबलू, बृजेश, सुवेश, पुष्पेंद्र, जितेंद्र, धीरज उर्फ धीरा के खिलाफ दर्ज कराई है। नामजदों के अलावा 18-20 अज्ञात लोग दर्शाए गए हैं।