कासगंज के सहावर में बरामद हुई संदिग्ध मारूति कार।
- फोटो : KASGANJ
सहावर। एसबीआई चौराहे पर बैंक के सामने एक संदिग्ध मारुति कार लावारिस हालत में मिली। बैंक ड्यूटी पर लगे उपनिरीक्षक ने शक होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी। कार को कोतवाली ले जाया गया। कार को लेकर जांच पड़ताल शुरू की गई तो यह सनसनी और बढ़ गई। कार के पीछे लगी नंबर प्लेटों पर नंबर भिन्न थे। एक नंबर तो स्कूटी का निकला।
दोपहर के बाद तक कार एसबीआई ब्रांच के सामने खड़ी रही। कार के बारे में बैंक ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक शंकरपाल को संदेह हुआ तो आसपास के लोगों से कार के बारे में पूछा गया तो कोई भी जवाब नहीं दे पाया। कोई दावेदार न मिलने पर कार को कोतवाली लाया गया। जहां उसकी जांच पड़ताल की गई। मारुति कार के आगे नंबर प्लेट पर कार का नंबर यूपी 80 एके 8943 अंकित था। जांच पड़ताल में क्रमांक के वाहन का मालिक महेश कुमार आगरा पाया गया। वहीं कार के पीछे के हिस्से में लगी नंबर प्लेट पर यूपी 80 एके 8543 नंबर अंकित था। यह नंबर स्कूटी का निकला। जिसके मालिक का नाम पप्पन निवासी आगरा निकला। स्कूटी का नंबर निकलने पर और सनसनी फैल गई। बैंक शाखा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिससेे कार में सवार होकर आए लोगों के बारे में जानकारी की जा सके।
लूटपाट की तो नहीं थी साजिश
सहावर। बैंक के बाहर गलत नंबरप्लेट की मारति कार मिलने के कारण इस बात की आशंका बढ़ गई है कि कहीं कोई बदमाश या अपराधी किसी वारदात को करने की फिराक में तो नहीं थे।
- लावारिस वाहन की जांच पड़ताल की जा रही है। उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कार सवारों के बारे में जानकारी ली जा रही है। गणेश चौहान, कोतवाली प्रभारी, सहावर।
फोटो प्रेषित है