मैनपुरी। गांव खरपरी में बुधवार को एक युवक गड़ासा लेकर चचेरे भाई-बहन को जान से मारने के लिए ढूंढने लगा। इस दौरान दोनों घर के एक कमरे में जाकर अपने आप को बंद कर लिया। आरोपी घर के बाहर ही गड़ासा और एयर पिस्टल लेकर बैठ गया। करीब एक घंटा तक दहशतजदा भाई-बहन घर में ही रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मुक्त कराया। आरोपी को गड़ासा और एयर पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पीड़ितों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव खरपरी निवासी आदेश उर्फ बिल्लू टाइगर गांजा पीने का आदी है। वह आए दिन गांव में रहने वाले चचेरे भाई-बहन को परेशान करता रहता है। पहले भी वह मारपीट कर चुका है। इसकी शिकायत कोतवाली में की जा चुकी है।
बुधवार की दोपहर आदेश गड़ासा और एयर पिस्टल लेकर परिवार के लोगों को धमकाने लगा। पहले चाची पुष्पा देवी के दरवाजे पर गड़ासा मारा तो उन्होंने डर की वजह से कमरा बंद कर लिया। इसके बाद चचेरे भाई सत्यपाल व बहन संध्या से मारपीट करने लगा। दोनों भागकर घर में जा छिपे और दरवाजा बंद कर लिया तो आदेश बाहर की गड़ासा और पिस्टल लेकर बैठ गया। करीब एक घंटा तक डरे सहमे भाई बहन घर में ही कैद रहे।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
स्थानीय लोगों ने सूचना मिलने के बाद पहुंचे पीआरवी 392 के एचसीपी अशोक कुमार, कांस्टेबल संजीव व रविंद्र मौके पर पहुंच गए। आरोपी को गड़ासा व पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं भाई बहन को कमरे से बाहर निकाला। पुलिस ने गड़ासा और पिस्टल को कब्जे में ले लिया। सत्यपाल व संध्या ने थाने पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है।
मकान को लेकर भी चल रहा है विवाद
पीड़ित सत्यपाल ने बताया कि आदेश गांजा पीता है। कुछ समय पूर्व उसका मकान करीब दो लाख में खरीदा था। इसी बात को लेकर वह रंजिश मानता है। आए दिन इसी तरह से परेशान करता है। पहले भी मारपीट कर चुका है।
सूचना पर यूपी 100 के पुलिसकर्मी आदेश को पकड़ कर थाने लाए हैं। आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ओमहरि वाजपेई, इंस्पेक्टर कोतवाली।