जिला अस्पताल में गोली कांड की घायल बच्ची का उपचार कराती मां- अमर उजाला
- फोटो : ETAH
जैथरा (एटा)। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने फायरिंग करते हुए बाबा की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि 14 माह के नाती को घायल कर दिया। घायल बच्चे को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव भिड़इया मधुवन निवासी शिवकुमार की गांव के ही लोगों से प्रधानी चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। आरोप है रंजिश को लेकर दबंगों ने मिलकर शिवकुमार और उसके घरवालों से मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में गोली लगने से जितेंद्र उर्फ पुजारी (35) पुत्र छोटेलाल की मौत हो गई। जबकि उसका 14 माह का नाती आशू पुत्र शिवकुमार गोली लगने से घायल हो गया। बच्चे को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर बताकर आगरा रेफर कर दिया। वहीं घटना की जानकारी पाकर क्षेत्राधिकारी अलीगंज अजय भदौरिया और थाना प्रभारी जैथरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे।
गोली लगने से दो लोग घायल
एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र के बड़ागांव निवासी रहीशपाल रात को अपने पशुओं के बंधने के स्थान पर सो रहा था। उसी समय अज्ञात बदमाशों ने उसके हाथ में गोली मार घायल कर दिया। जबकि थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव जिटौराभान निवासी दफेदार अपने खेत पर था। उसी समय उसे भी अज्ञात लोगों ने पैर में गोली मार घायल कर दिया। जिसे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।