पटियाली (कासगंज)। साहब मुझे बचालो मेरे पिता मेरी शादी दूसरी जगह करना चाह रहे हैं। इतना कहते ही लड़की फफक फफक कर रो पड़ी। पुलिस ने मौके पर पहुुंच कर युवती के पिता को हिरासत में ले लिया।
मामला ग्राम रायपुर पुरोहित का है। ग्रामीण ने अपनी पुत्री की शादी कासगंज के ग्राम नोरथा निवासी युवक से तय कर दी। शादी तय होने के बाद एक दिन वह अपने होने वाले दमाद के पास पहुंचे और उसको अपनी व्यथा सुनाकर 30 हजार रुपये मांगे। उसने धनराशि देने के साथ ही अपनी होने वाली पत्नी के लिए एक मोबाइल भी भेज दिया। मोबाइल पर दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। युवक ने रुपये देने वाली बात अपनी होने वाली पत्नी को बताई, लेकिन उसने इस संबंध में अनभिज्ञता जाहिर की। इसके बाद उसके होने वाले ससुर ने फिर से रुपये मांगे तो युवक ने अपनी होने वाली पत्नी से पूछा, तो उसने पिता को रुपये देने से मना कर दिया। इसके बाद युवक ने अपने होने वाले ससुर को रुपये देने से इंकार कर दिया। यह इंकार उनको नागवार गुजारा। उन्होंने अपनी बेटी की शादी दूसरी जगह करने का निर्णय लिया और कुछ लोगों को बुला लिया। युवती को जैसे ही पता चला कि पिता उसकी शादी दूसरी जगह कर रहे हैं तो उसने इसका विरोध किया। विरोध करने पर पिता ने उसकी मारपीट कर दी। युवती ने यूपी 100 पर शिकायत कर दी। यूपी 100 मौके पर पहुंच गई और उसके पिता को हिरासत में लेकर से पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि युवती के पिता ने युवक से रुपये का लेनदेन कर लिया है। वह अब दूसरी जगह रिश्ता तय करना चाहता है, जबकि युवती पहली जगह ही शादी की इच्छुक है। युवक को बुलाया गया है। इसके बाद ही सही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।