मैनपुरी। किशनी के गांव हरचंदपुर के प्रधान पर जानलेवा हमला बिजली विभाग के एक ठेकेदार ने कराया था। पुलिस ने दो हमलावरों को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद पनपा था। शुक्रवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर घटना के संबंध में जानकारी दी।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी अजय शंकर राय ने बताया कि थाना किशनी क्षेत्र के गांव हरचंदपुर के ग्राम प्रधान सुखदेव तोमर व साथी कल्लन उर्फ अरुण प्रताप पर 13 जून को आगरा से लौटते समय जानलेवा हमला हुआ था। हमले में दोनों घायल हो गए थे।
24 जुलाई को शिकोहाबाद पुलिस ने लूट के मामले में आरोपी धर्मेंद्र राठौर निवासी जलेसर रोड थाना उत्तर शिकोहाबाद को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में उसने साथियों के साथ किशनी क्षेत्र में प्रधान व साथी पर जानलेवा हमला करने की घटना भी कबूल की थी।
शुक्रवार को पुलिस ने बिधूना चौराहा के पास से पंकज पुत्र सुरेश चंद्र व हेमंत पुत्र राजेश कुमार निवासीगण हुमायूपुर थाना दक्षिण, फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पंकज ने बताया कि वह बिजली विभाग के ठेकेदार सोनू के यहां नौकरी करता है। सोनू का अवनेश अग्निहोत्री निवासी गुलरियापुर के साथ 80-85 लाख का हिसाब किताब था। उसे रुपये न देेना पड़े इसके लिए प्रधान सुखदेव तोमर से डील हुई थी कि अगर वह 20 लाख रुपये उन्हें दे दे, तो अवनेश को रुपये नहीं देने पड़ेंगे।
इस बात पर सोनू तैयार हो गया था और पांच लाख रुपये प्रधान को दे दिए थे। प्रधान जल्द से जल्द 10 लाख रुपये देने का दबाव बना रहा था। इसी के चलते 12 जून को आगरा में प्रधान व सोनू की मौजूदगी थी, तभी सोनू ने पंकज, हेमंत व पांच छह अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रधान सुखदेव तोमर की हत्या की योजना बनाई थी। इसके साथ ही गाड़ी से नकदी लूटने का प्लान भी बनाया था। आगरा से सभी लोग प्रधान के पीछे लगे और मौका पाकर हमला कर दिया। जब गाड़ी में रुपये नहीं मिले तो सभी आरोपी भाग गए। प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी ओमप्रकाश सिंह मौजूद रहे।
इनकी है पुलिस को तलाश
जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को अरुण शंखवार, गोला शंखवार निवासीगण इंद्रानगर थाना उत्तर फिरोजाबाद, आकाश शंखवार निवासी करवला थाना दक्षिण फिरोजाबाद, प्रवीन उर्फ लाला राठौर पुत्र मुन्नालाल निवासी टापाकला थाना उत्तर फिरोजाबाद फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तालाश में जुटी है।