कासगंज सहावर थाना क्षेत्र के गांव सनौठी में दहेज हत्या का शिकार रागिनी का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के गांव सरौठी में सोमवार शाम ससुरालीजनों ने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करके शव जला दिया। विवाहिता के पिता की सूचना पर पुलिस ने जले हुए शव के अवशेष एकत्रित कर फोरेंसिक जांच को भेजे हैं। विवाहिता के पति, ससुर सहित 6 ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इसमें एक आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या का शिकार विवाहिता रागिनी पुत्री विजयशंकर पांडे निवासी गोलागोकरनाथ कोतवाली गोला जिला लखीमपुर-खीरी हुई। बताया गया कि 6 जुलाई 2018 को सरौठी गांव के दीपक दीक्षित पुत्र राकेश दीक्षित से शादी हुई थी। शादी के बाद से ससुरालीजन लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। इस बात की शिकायत रागिनी अपने पिता से भी करती थी।
रागिनी का पति कार की मांग कर रहा था। पिता विजयशंकर ने बताया कि सोमवार शाम 4 बजे उन्हें सूचना मिली कि रागिनी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह सूचना पर तत्काल गांव आए, लेकिन तब तक साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव जला दिया गया। शव जलाए जाने को लेकर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी।
पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जले हुए शव के अवशेष फोरेंसिक जांच के लिए एकत्रित किए हैं। पिता की तहरीर के आधार पर पति दीपक दीक्षित, ससुर राकेश, वीरेंद्र व अन्य ससुरालीजनों में विनीत, प्रदीप एवं क्षमा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने एक आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
- विवाहिता की मौत के मामले में पिता की तहरीर के आधार पर पति व अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जले हुए शव के अवशेष फोरेंसिक जांच को भेजेगी। एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। - राजेश कुमार मीणा, थाना प्रभारी।