आईसीसी वुमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में शनिवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लीग मुकाबले में ताजनगरी की बेटियों ने अपने प्रदर्शन से फिर प्रभावित किया। शहर की दोनों बेटियों दीप्ति शर्मा, पूनम यादव के प्रदर्शन ने भारतीय टीम को 48 रनों से मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई। विश्व कप वेस्टइंडीज में खेला जा रहा है।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर ऑस्ट्रेलिया को 167 रनों का लक्ष्य दिया। ताजनगरी की दीप्ति शर्मा छठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरीं। उन्होंने दस गेंदों में आठ रन बनाए।
इनिंग की आखिरी गेंद पर दीप्ति बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में क्लीन बोल्ड हो गईं। इसके बाद गेंदबाजी में ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया।
हैट्रिक बनाने से चूकीं
अगली गेंद पर ही ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज को क्लीन बोल्ड कर दूसरा झटका भी दिया। वह हैट्रिक बनाने से चूक गईं। उन्होंने चार ओवरों में 24 रन देकर दो विकेट लिए।
इधर, दूसरे छोर से ताजनगरी की ही लेग स्पिनर पूनम यादव ने भी ऑस्ट्रेलिया की मिडल ऑर्डर की बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। उन्होंने चार ओवरों में 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। ग्रुप बी में इंडिया की ओर से खेले गए सभी मैचों में पूनम यादव और दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
इसका परिणाम रहा कि भारतीय टीम अपने ग्रुप में सभी मैच जीतकर पहले स्थान पर है। शहर की बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसेसिएशन (डीसीएए) के अध्यक्ष पूरन डाबर, सचिव प्रकाश कौशल, पूर्व रणजी प्लेयर सर्वेश भटनागर, सुधीर चतुर्वेदी, कमेंटेटर नरेंद्र शर्मा आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।
सिरीज में शानदार प्रदर्शन
वेस्टइंडीज में चल रही आईसीसी वुमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ओर से खेल रहीं आगरा की लेग स्पिनर पूनम यादव और ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा का लीग मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन रहा है।
लेग स्पिनर पूनम यादव ने चार मैचों में 16 ओवर करते हुए 97 रन देकर आठ विकेट लिए। वहीं ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने चार मैचों में 15 ओवर में 88 रन देकर चार विकेट हासिल किए।