आगरा। सेंट पीटर्स कॉलेज के पूर्व छात्रों की ओल्ड बॉयज एसोसिएशन द्वारा तृतीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के तहत ओसवाल क्रिकेट टूर्नामेंट आज से आयोजित किया जाएगा। सेंट जोंस कॉलेज खेल मैदान पर यह टूर्नामेंट 1 मार्च तक खेला जाएगा। बृहस्पतिवार को विजय नगर कॉलोनी स्थित स्पोर्ट्सबज में खिलाड़ियों की टी-शर्टों का अनावरण किया गया, जहां पूर्व छात्रों में पुरानी यादों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन सचिव डॉ. पराग गौतम ने बताया कि पिछले वर्ष केवल दो वर्ग थे, लेकिन इस बार तीन वर्गों सुपर लीजेंड्स, लीजेंड्स और स्टार्स में विभाजित किया गया है। वर्ष 1985 से 2021 तक के लगभग 160 पूर्व छात्र इस बार मैदान में उतरेंगे। एसोसिएशन के सचिव भारत महाजन ने बताया कि प्रत्येक वर्ग में चारों हाउस की टीमों के बीच लीग आधार पर मुकाबले खेले जाएंगे। आज से 15 फरवरी तक स्टार्स वर्ग के मैच होंगे, 20 से 22 फरवरी तक लीजेंड्स वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 25 से 27 फरवरी तक सुपर लीजेंड्स वर्ग के लीग मैच आयोजित होंगे। सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले 28 फरवरी और 1 मार्च को खेले जाएंगे। अनावरण के दौरान रामानंद चौहान, डॉ. निशांत चौहान, प्रशांत जैन, अनमोल कोहली, राजीव अग्रवाल, अमित शुक्ला, उदय गोयल, अमित गुप्ता और गौरव सिंघल उपस्थित रहे।