होलिका दहन बृहस्पतिवार को होगा। शुक्रवार को होली खेली जाएगी। इस दिन जुमे की नमाज भी होगी। इसके बाद दौज है। तीन दिन सुरक्षा को लेकर कमिश्नरेट में खाका खींचा गया है। जिले को 48 सेक्टर और 14 जोन में बांटा गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस के साथ ही पीएसी भी रहेगी। हुड़दंगियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। किसी तरह का बवाल करने वालों को जेल भेज दिया जाएगा। मंगलवार को कई इलाकों में रूट मार्च निकाला गया।
विज्ञापन
पुलिस आयुक्त जे रविंदर गाैड ने बताया कि होली के दिन ही जुमे की नमाज है। इसको लेकर पीस कमेटी की बैठक हर थाना स्तर पर कर ली गई है। धर्म गुरुओं से नमाज के समय में बदलाव के लिए कहा गया है, जिससे नमाजियों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो। इस दाैरान मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस के साथ ही पीएसी को भी लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मस्जिदों के आसपास ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। अगर, सुरक्षा व्यवस्था में कोई व्यक्ति व्यवधान डालेगा तो कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। होली के बहाने कोई गलत हरकत करता है तो भी पुलिस कार्रवाई करेगी।
विज्ञापन
नशे और तेज गति में वाहन नहीं चलाएं
होली के दिन पुलिस सड़कों पर भी चेकिंग करेगी। वाहन तेज गति से चलाने वालों पर कार्रवाई होगी। ब्रेथ एनालाइजर से चालकों को चेक किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। वाहन को भी सीज कर दिया जाएगा। इसके लिए शहर से लेकर देहात तक चेकिंग होगी। बैरियर लगाए जाएंगे।
होलिका दहन स्थल पर रहेगी पुलिस
पुलिस होलिका दहन स्थल पर रहेगी। इस बार एक हजार से स्थान पर होलिका दहन होगा। इसको देखते हुए हर थाने से एक या दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वह होलिका दहन होने तक माैजूद रहेंगे। सड़क पर अनावश्यक रुकावट पैदा नहीं होने दी जाएगी।