आगरा। फतेहाबाद वीआईपी रोड पर शनिवार को नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई चौराहे के अव्यवस्थित ट्रैफिक को बेहतर करने के लिए अधिशासी अभियंता को क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने होटल ताज व्यू और जगजीवन राम चौक के आसपास सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों को तत्काल भरवाने के लिए जल निगम अधिकारियों को निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि वीआईपी मार्ग होने के बावजूद सड़क की खराब हालत पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी देती है, इसलिए मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ताजमहल के पूर्वी द्वार पर स्थापित फव्वारे के लंबे समय से खराब पड़े होने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम को फव्वारे की मरम्मत कर चालू कराने के लिए आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह आदि मौजूद रहे।