आगरा में 8 से 15 जुलाई तक अनफिट और बिना परमिट चल रहे स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। मानक पूरे नहीं मिलने पर वाहन सीज होंगे, चालान काटे जाएंगे और जरूरत पड़ने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
आगरा संभागीय परिवहन विभाग अनफिट और बिना परमिट चलने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। एक सप्ताह तक जागरूकता अभियान चलाने के बाद अब वाहनों की जांच की जाएगी। 8 से 15 जुलाई तक चलने वाले अभियान के दौरान मानक पूरे नहीं मिलने पर वाहनों को सीज किया जाएगा और जुर्माना भी लगेगा। विभाग अब तक 123 स्कूली वाहनों को नोटिस जारी कर चुका है।
शासन के निर्देश पर 1 से 7 जुलाई तक स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट के लिए स्कूल प्रबंधकों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए नोटिस भी जारी किए गए हैं, ताकि स्कूल प्रबंधक समय पर वाहन की फिटनेस करा लें। जागरूकता के बाद परिवहन विभाग के अधिकारी कार्रवाई की तैयारी में जुट गए हैं।
जिले में करीब 1100 स्कूल बसों के साथ अन्य वाहन भी चलते हैं। इसमें बड़ी संख्या में बिना फिटनेस के दौड़ रहे वाहन बच्चाें की जान जोखिम में डाल रहे हैं। एआरटीओ (प्रवर्तन) आलोक कुमार ने बताया कि बिना परमिट और अनफिट स्कूली वाहनों पर 8 जुलाई से कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। वाहन सीज करने और चालान के साथ स्कूल प्रबंधक पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।
प्राइवेट स्कूली वाहन बनेंगे चुनौती
शहर में स्कूली बसों से अधिक प्राइवेट वाहन संचालित हो रहे हैं। ये वाहन बच्चों को स्कूल छोड़ने व लेने जाते हैं। इन वाहनों में अधिक संख्या में बच्चे बैठाए जाते हैं। किसी स्कूल से जुड़े नहीं होने की वजह से ये बच जाते हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों के सामने प्राइवेट वाहनों पर कार्रवाई करना चुनौती होगा। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में अनफिट स्कूली वाहन अधिक संख्या में संचालित किए जाते हैं। वहां भी कार्रवाई करना बड़ी चुनौती होगी।