आगरा। गोशालाओं को पर्यटन स्थल की तरह विकसित किया जाए। स्कूली बच्चों का भ्रमण कराएं। उन्हें पशुपालन के प्रति जागरूक किया जाए। यह निर्देश शनिवार को पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक में दिए हैं। स्वयं सहायता समूहों को गोशालाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए हैं। मंत्री ने कहा कि महिलाएं गोशालाओं से जुड़ेंगी तो नवाचार बढ़ेगा। गो उत्पादों से आमदनी होगी। उन्होंने गोशालाओं में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, अधिक से अधिक कृत्रिम गर्भाधान कराने, संचारी रोग नियंत्रण और लघु पशुओं के विकास पर जोर दिया। मुर्गी, बकरी, भेड़ और सूकर पालन को बढ़ावा देने की बात कही। मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों के आस-पास रहने वाले पशुओ को रेडियम बैल्ट पहनाने को कहा है ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके। मिलावटी दूध की बिक्री पर रोक लगाने और इस कार्य में लिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।