मैनपुरी। खुले में घूम रहे गोवंश से किसान परेशान हैं। धान और बाजरा की फसल के बाद अब गेहूं और आलू की फसल को खुले में घूम रहा गोवंश बरबाद कर रहा है। करहल विधानसभा के लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर खुले में घूम रहे गोवंश से निजात दिलाए जाने की मांग की है।
खुले में घूम रहा गोवंश किसानों की फसल को बरबाद कर रहा है। किसान को बाजरा और धान की फसल में भारी नुकसान हुआ था जिसके कारण अभी किसान उभर भी नहीं पाया था कि अब खुले में घूम रहे गोवंश ने उसके खेतों में खड़ी गेहूं और आलू की फसल में नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। पहले से ही किसान नीलगाय और जंगली जानवरों द्वारा किए जा रहे नुकसान परेशान थे। अब खुले में घूम रहा गोवंश उनके लिए मुसीबत बन गया है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे करहल क्षेत्र के गांव रंपुरा निवासी ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनके गांव के आस-पास खेतों में 300 से अधिक गोवंश है जो जिस खेत में घुस जाता है उस खेत को पूरी तरह से बरबाद कर देता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गोवंश को पकड़वाने की मांग की।
जिलाधिकारी को ज्ञापन देने वालों में खुशीराम, कामता प्रसाद, रामनाथ सिंह, संजीव कुमार, शिवनाथ चौहान, कुलदीप चौहान, महाराज सिंह, कोमल सिंह, जन विजय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
रठेरा क्षेत्र में भी गोवंश से लोग परेशान
दन्नाहार। क्षेत्र के गांव रठेरा व टिंडौली, सीतापुर, नगला अमर सिंह, नगला स्वामी, ककरारा, दिबरौली, कुड़ाहार आदि गांव के लोग भी खुले में घूम रहे गोवंश से परेशान हैं। गोवंश उनके खेतों में खड़ी फसल को बरबाद कर रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी से गोवंश को पकड़वाए जाने की मांग की है।