कोरोना वायरस की दूसरी लहर में संक्रमण के गंभीर मरीज मिल रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में 12 घंटे में 10 नए मरीज आए। इसमें सात को आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है। अब यहां भर्ती मरीजों की संख्या 32 हो गई है, जिसमें से 20 आईसीयू में हैं। कोविड अस्पताल के सह प्रभारी डॉ. अजीत चाहर ने बताया कि 31 मार्च को एसएन के आइसोलेशन वार्ड में चार मरीज भर्ती थे, इसमें से एक आईसीयू में था। एक अप्रैल से कोरोना वायरस की दूसरी लहर में संक्रमण तेजी से बढ़ा और छह दिन में 27 नए मरीज भर्ती होने आए। इसमें 50 साल से अधिक उम्र के अधिक मरीज हैं। बीते 12 घंटों में 10 मरीज आए, इनमें सात की हालत गंभीर मिली। सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, तत्काल आईसीयू में भर्ती कराते हुए इलाज रखना पड़ा।
आगरा में कोरोना: 82 कोरोना पॉजिटिव मिले, ठीक होने की दर भी घटी, कमला नगर में एक परिवार के पांच सदस्य संक्रमित
आइसोलेशन वार्ड को ऑक्सीजन की सीधी सप्लाई
एसएन के बाल रोग और एमसीएच इमारत में बने 100-100 बेड के दोनों आइसोलेशन वार्ड को 11 हजार किलोलीटर की क्षमता वाले ऑक्सीजन टैंक से सीधे सप्लाई है। इसमें मरीज की आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन देने की व्यवस्था है।
एसएन में स्थित:
220: बेड आइसोलेशन वार्ड में
150: बेड आईसीयू में हैं तैयार
150: वेंटिलेटर हैं आइसीयू में
25: बाइपैप मशीन
25: एचएफएनसी मशीन
20: बेड का आइसोलेशन संदिग्ध मरीजों के लिए
बेहद गंभीर हालत में मिल रहे मरीज
आगरा में दक्षिण अफ्रीकी और अज्ञात स्ट्रेन का भी खतरा है, अप्रैल के अंत तक मरीजों की संख्या और बढ़ेगी। पहली लहर के मुकाबले अब मरीज ज्यादा गंभीर मिल रहे हैं। लोग इसकी गंभीरता को समझें, 45 से अधिक उम्र है तो टीका लगवा लें, बिना मास्क के तो घर से निकलें ही नहीं।