फिरोजाबाद जिले के कोरोना संक्रमित युवक की शनिवार रात सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार को युवक का शव मदनपुर पर लाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। अब जिले में संक्रमितों की मृतक संख्या 38 हो गई है।
रविवार को जिले के दो और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। दोनों ने आगरा में जांच कराई थी और पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद दोनों को आगरा में ही आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 599 हो गई है।
विगत 13 जुलाई को मदनपुर निवासी 19 वर्षीय युवक को दिल का दौरा पड़ने की शिकायत पर सैफई में भर्ती कराया था। यहां कोरोना की जांच कराने पर रिपोर्ट निगेटिव आई थी। एक सप्ताह बाद फिर से कोरोना की जांच कराने पर युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई।
इसके बाद मरीज को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया। शनिवार देररात युवक ने सैफई में ही दम तोड़ दिया। परिजन स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में रविवार को शव को मदनपुर में लाए। यहां रविवार को अंतिम संस्कार कराया गया।