मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव वीरपुरकलां में चंदे के विवाद में चचेरे भाई की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड में आरोपी भतीजे को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। घटना तीन जून को मृतक के घर से कुछ दूरी पर अंजाम दी गई थी। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने चालान कर जेल भेजा है।
गांव वीरपुरकलां में दो जून को ग्रामीणों के सहयोग से चंदा कर भागवत कथा आयोजित की गई थी। इसके बाद शाम के समय शाम को चंदे का हिसाब मांगने पर छोटे सिंह व उसके पुत्र श्यामवीर उर्फ श्यामू ने उम्मेद सिंह चौहान (52) की लाठी डंडा से पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता पुत्र वहां से भाग निकले थे।
हत्याकांड के बाद मृतक के पुत्र प्रदीप ने आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। कुछ दिन पूर्व आरोपी भतीजे श्यामवीर को जेल भेज चुकी है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने छोटे सिंह को गांव लेखराजपुर जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी को चालान करने के बाद न्यायालय में पेश किया। वहां से आरोपी को जेल भेजा गया।