मैनपुरी। तहसील स्तर पर अब ग्राम न्यायालय बनेंगे। जिले में पहला ग्राम न्यायालय करहल तहसील क्षेत्र में बनेगा। शासन स्तर पर लिए गए निर्णय के तहत करहल में ग्राम पंचायत न्यायालय बनाने के प्रस्ताव को हाईकोर्ट से मंजूरी मिल गई है। करहल तहसील क्षेत्र में ग्राम न्यायालय बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शासन द्वारा तहसील स्तर पर ग्राम न्यायालय बनाने के संबंध में निर्णय लिया है। मैनपुरी में पहले ग्राम न्यायालय के लिए करहल तहसील को चिह्नित किया गया है। शासन द्वारा करहल तहसील क्षेत्र में पहला ग्राम न्यायालय बनाने के प्रस्ताव को हाईकोर्ट से मंजूरी मिल गई है। हाईकोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद शासन के निर्देश पर प्रशासन ने करहल तहसील क्षेत्र में ग्राम न्यायालय बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। एडीएम और एसडीएम करहल को करहल तहसील क्षेत्र में ग्राम न्यायालय बनाने के लिए जगह उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली भूखंड के लिए न्यायिक अधिकारियों की मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
पुराने बीज गोदाम की जगह चिह्नित
एडीएम बी राम के निर्देश पर एसडीएम करहल रतन वर्मा ने राजस्व कर्मचारियों को ग्राम न्यायालय की स्थापना के लिए सरकारी जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए। राजस्व टीम ने सरकारी जमीनों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद जैन इंटर कॉलेज के पास पुराने बीज गोदाम की जगह पर ग्राम न्यायालय बनाने का प्रस्ताव दिया है।
न्यायिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
हाईकोर्ट की मंजूरी मिलने के बाद जिला जज तेजप्रताप तिवारी के निर्देश पर रविवार को न्यायिक अधिकारियों की टीम ने करहल पहुंचकर जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया। अपर जिला जज प्रथम वंश बहादुर यादव, अपर जिला जज षष्टम शक्ति सिंह ने करहल पहुंचकर एडीएम और एसडीएम करहल से जानकारी जुटाई। न्यायिक अधिकारियों की टीम अपनी रिपोर्ट जिला जज को देगी।
हटवाया गया कब्जा
पुराने बीज गोदाम की भूखंड पर रसूखदारों ने कब्जा कर लिया था। प्रशासन द्वारा ग्राम न्यायालय के लिए भूखंड का चयन करने के बाद शनिवार को बीज गोदाम की जगह से कब्जा हटवाया गया। न्यायिक अधिकारियों के पहुंचने से पहले एसडीएम करहल ने जेसीबी से कब्जा हटवाकर भूखंड को कब्जा मुक्त कराया। चिह्नित किए गए भूखंड की साफ सफाई भी कराई गई।
शासन के प्रस्ताव पर करहल तहसील क्षेत्र में ग्राम न्यायालय की स्थापना को हाईकोर्ट से मंजूरी मिली है। जैन इंटर कॉलेज के पास पुराने बीज गोदाम के भूखंड को चिह्नित किया गया है। चिह्नित की गई जमीन का न्यायिक अधिकारियों की टीम निरीक्षण कर चुकी है। शासन से आदेश मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा।
बी राम, अपर जिलाधिकारी