मैनपुरी। दीवानी परिसर की सुरक्षा में दो सरकारी विभागों के चार कार्यालय आड़े आ रहे हैं। दीवानी परिसर बंद करने पर इन कार्यालयों को जाने वाला रास्ता बंद हो रहा है। हाईकोर्ट और शासन के निर्देश पर दीवानी परिसर की सुरक्षा का खाका तैयार कर रहे अधिकारियों ने इन कार्यालयों तक कर्मचारियों के पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाश करनी शुरू कर दी है।
दीवानी परिसर से होकर नहर और सिंचाई विभाग तक जाने के लिए रास्ता है। इसी रास्ते से इन विभागों के कर्मचारी और कार्यालयों में आने वाले लाग गुजरते हैं। हाईकोर्ट और शासन के निर्देश के बाद प्रशासन ने दीवानी की सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके चलते दीवानी परिसर को सुरक्षित करने के लिए चारों ओर बाउंड्रीवाल बनाई जानी है। बाउंड्रीवाल बनाने से सिंचाई और नहर विभाग के कार्यालयों का रास्ता बंद हो रहा है। दीवानी के मुख्य द्वार पर रोजाना चल रहे तलाशी अभियान से इन कार्यालयों के कर्मचारियों और किसानों को गुजरना पड़ता है। जेल रोड गेट की ओर बनाई जाने वाली बाउंड्रीवाल के बाद इन कार्यालयों को जाने वाला रास्ता बंद हो जाएगा। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने इन कार्यालयों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाश करनी शुरू कर दी है।
भोजपुरा होकर मिल सकता रास्ता
डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर ने लेखपालों को बुलाकर रास्ता देने के लिए जगह के संबंध में जानकारी जुटाई है। इन कार्यालयों के चारों ओर किसानों केे खेत होने से रास्ता निकलना मुश्किल हो रहा है। अब प्रशासन भोजपुरा की ओर से रजबहा की पटरी से होकर रास्ता बनाने के विकल्प पर विचार कर रहा है।
हाईकोर्ट और शासन के निर्देश पर दीवानी की बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। सिंचाई और नहर विभाग को जाने वाले कार्यालयों केे लिए नया रास्ता बनाने पर विचार चल रहा है।
रजनीकांत, एसडीएम सदर