एटा के थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव बिजलई स्थित विद्यालय के पास शादी समारोह में शामिल होने जा रहे दंपती को बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने दंपती के दो वर्षीय बेटे के सीने पर तमंचा रखकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात सात दिसंबर की जिसकी रिपोर्ट अब दर्ज की गई है।
ये है मामला
थाना क्षेत्र के गांव कलंदरपुर निवासी जितेंद्र सिंह और इसकी पत्नी आरती देवी से लूटपाट की गई। जितेंद्र ने बताया कि सात दिसंबर को बाइक से पत्नी और दो वर्षीय पुत्र कार्तिक के साथ साढू़ के गांव उजईया थाना दन्नाहार जिला मैनपुरी जा रहे थे। वहां 8 दिसंबर को साढू की बहन की शादी थी। बताया कि गांव बिजलई के पास पहुंचे तभी पीछे से अपाचे बाइक पर तीन बदमाश आए और तमंचा दिखाकर रोक लिया। एक बदमाश ने दो वर्षीय बेटे के सीने पर तमंचा रख दिया, जबकि दूसरे ने मेरे सीने पर सटा दिया। इसके बाद पत्नी के गले का हार, कुंडल, मंगलसूत्र, तीन अंगूठी और जंजीर लूटकर कुरावली की तरफ भाग गए।