यूपी में ललितपुर के प्रेमी युगल ने सोमवार तड़के आगरा के शाहगंज में बारहखंभा मोहल्ला के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दोनों के बीच पांच साल से प्रेम संबंध थे। युवक की शादी तीन साल पहले कहीं और कर दी गई थी।
इसके बावजूद प्रेमी युगल शादी की जिद पर अड़ा था। परिवारवाले राजी नहीं हुए तो दोनों ने साथ जान देने का फैसला लिया। 12 जनवरी को दोनों बहाना बनाकर अा गए थे।
ललितपुर के थाना कोतवाली स्थित गांव बड़ापुरा निवासी बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी सुरेंद्र कुमार की बेटी वैष्णवी राठौर (21) मथुरा के छाता स्थित संस्कृति विश्वविद्यालय से बीएससी (एमएलटी) कर रही थी। वह हॉस्टल में रहती थी।
अाधार
- फोटो : अमर उजाला
सीओ लोहामंडी चमन कुमार ने बताया कि वैष्णवी के प्रेम संबंध मोहल्ले के ही अखिलेश राठौर (28) पुत्र वीरेंद्र कुमार से थे। वह ऑटो चालक था। पिता ठेल लगाते हैं।
12 जनवरी को सुबह अखिलेश घर से निकला था, जबकि वैष्णवी हॉस्टल से खाना खाने की बात कहकर इसी दिन शाम को निकली थी। इसके बाद दोनों लौटे नहीं।
सोमवार तड़के आगरा-बयाना रेल लाइन पर बारह खंभा के पास ट्रेन के आगे कूद गए। रेलवे गैंगमैन की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। उनके बैग में मिले आधार कार्ड से उनके शव की शिनाख्त हुई। दोपहर में दोनों के परिवारीजन आगरा पहुंच गए। युवती के परिवारीजन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए।
वहीं अखिलेश के पिता वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बेटे के प्रेम संबंध पांच साल से युवती से चल रहे थे। इस कारण बेटे की शादी तीन साल पहले कहीं और कर दी थी। बेटा यह कदम उठा लेगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।